जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान आजाद नगर के ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी 27 वर्षीय सैयद अदनान मिर्जा के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हथियार और गोली सप्लाई करने वाले गिरोह का एक सदस्य इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर विशेष टीम ने जुगसलाई में घेराबंदी कर एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को रोका और जांच शुरू की।
तलाशी के दौरान आरोपी की निशानदेही पर कार की पिछली सीट के नीचे बने एक गुप्त बॉक्स का पता चला। इस बॉक्स से दो पिस्टल की मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने कार के साथ दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों की मदद से जरूरतमंद अपराधियों तक हथियार और गोली पहुंचाने का काम करता था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा हथियार कहां से लाए जाते थे। पुलिस के अनुसार, सैयद अदनान मिर्जा का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वर्ष 2023 में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मामलों में केस दर्ज हो चुका है।
इस कार्रवाई को जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खाँ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।