कोल्हान प्रमंडल में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराध को लेकर झारखंड सरकार ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के एसएसपी पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां की एसपी निधि द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटा दिया है। दोनों अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। खास बात यह है कि दोनों आईपीएस अधिकारी आपस में पति-पत्नी हैं। बताया जा रहा है कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता इस कार्रवाई की मुख्य वजह बनी। हाल के दिनों में करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की निर्मम हत्या और सरायकेला-खरसावां में एक आदिवासी युवती के साथ हुई मारपीट की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। इन घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल की जानकारी दी। साथ ही सरकार ने कोल्हान में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, रांची के एडीजी मनोज कौशिक और डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा को क्षेत्र में लगातार कैंप कर रोजाना कानून-व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का साफ संदेश है कि अपराध और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कोल्हान में अपराध पर बड़ा एक्शन: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हटाए दो बड़े IPS अधिकारी
कोल्हान प्रमंडल में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराध को लेकर झारखंड सरकार ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है।