जमशेदपुर

एटीएम में कार्ड फंसाकर ठगों ने उड़ाए 47,800 रुपये, पुलिस जांच में जुटी

· · 1 मिनट पढ़ें · 👁 1
एटीएम में कार्ड फंसाकर ठगों ने उड़ाए 47,800 रुपये, पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है

जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। ठगों ने एटीएम में कार्ड फंसाकर एक व्यक्ति के खाते से 47 हजार 800 रुपये निकाल लिए।


पीड़ित कामता प्रसाद शनिवार को भालूबासा स्थित एसबीआई एटीएम में पैसे निकालने गए थे। इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। तभी वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे कहा कि वे बैंक जाकर इसकी शिकायत करें।


कामता प्रसाद जैसे ही बैंक की ओर जाने लगे, उनके मोबाइल पर पैसे कटने के मैसेज आने लगे। जब तक वे कुछ समझ पाते, ठग उनके खाते से कुल 47 हजार 800 रुपये निकाल चुके थे।


घटना की जानकारी मिलने के बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस एटीएम और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।


पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम का इस्तेमाल करते समय किसी भी अनजान व्यक्ति की मदद न लें। यदि कार्ड मशीन में फंस जाए तो तुरंत बैंक या हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर कार्ड ब्लॉक कराएं। थोड़ी सी सावधानी आपको साइबर ठगी का शिकार बनने से बचा सकती है।