जमशेदपुर

चालान के बाद SSP ऑफिस के बाहर शराब पार्टी! वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप

· · 1 मिनट पढ़ें · 👁 1
चालान के बाद SSP ऑफिस के बाहर शराब पार्टी! वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप

जमशेदपुर में ट्रैफिक चालान से जुड़ा एक बेहद अनोखा और विवादित मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया से लेकर पुलिस महकमे तक हलचल मचा दी है।

जमशेदपुर में ट्रैफिक चालान से जुड़ा एक बेहद अनोखा और विवादित मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया से लेकर पुलिस महकमे तक हलचल मचा दी है। सोनारी निवासी संजय सिंह पर बुधवार रात बिष्टुपुर ट्रैफिक पुलिस ने नशे में वाहन चलाने के आरोप में 10 हजार रुपये का चालान लगाया। पुलिस के अनुसार, सोनारी स्थित साईं मंदिर के पास चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में शराब सेवन की पुष्टि हुई, जिसके बाद मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। लेकिन संजय सिंह ने पुलिस के दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने शराब नहीं पी थी, बल्कि केवल शराब की बोतल अपने साथ रखी थी। उनका आरोप है कि पुलिस ने कई बार जांच करने के बाद भी उन्हें जबरन शराब पीने वाला बताकर चालान काट दिया।


मामला तब और दिलचस्प हो गया जब संजय सिंह ने आरोप लगाया कि चालान की राशि सरकारी खाते में जमा कराने के बजाय एक पुलिसकर्मी के निजी बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मी का नाम लाल बिहारी राम बताते हुए इस पूरे मामले पर गंभीर सवाल उठाए हैं। वहीं, चालान कटने के बाद उन्होंने दावा किया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने उनसे कहा कि अब वह 24 घंटे तक कहीं भी शराब पी सकते हैं। इसी कथित टिप्पणी से नाराज होकर संजय सिंह सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंच गए और कार्यालय परिसर के बाहर अपनी कार में बैठकर शराब पीते हुए वीडियो रिकॉर्ड किया। बाद में उन्होंने यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो के वायरल होने के बाद पूरे शहर में इस घटना की चर्चा तेज हो गई है और अब लोग पुलिस कार्रवाई तथा लगाए गए आरोपों को लेकर तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं।