शहर के पॉश इलाकों में गिने जाने वाले टाटा मोटर्स कॉलोनी में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक बंद घर में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रविवार सुबह क्रॉस रोड नंबर-25 स्थित क्वार्टर K2/13 में रहने वाले टाटा मोटर्स कर्मचारी संतोष कुमार सिंह अपने पिता से मिलने लक्ष्मीनगर गए थे। घर सूना मिलते ही बदमाशों ने पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे घर को खंगाल डाला। चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। देर शाम जब संतोष कुमार सिंह घर लौटे तो बिखरा हुआ सामान और टूटा हुआ लॉकर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों की पहचान के लिए छापेमारी भी की जा रही है। शहर के सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में हुई इस बड़ी चोरी ने न सिर्फ स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर कब तक इस दुस्साहसी वारदात को अंजाम देने वाले चोर सलाखों के पीछे पहुंचते हैं।
टाटा मोटर्स कॉलोनी में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, 5 लाख के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर
शहर के पॉश इलाकों में गिने जाने वाले टाटा मोटर्स कॉलोनी में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक बंद घर में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।