अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जुगसलाई पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और सप्लाई करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई क्षेत्र में एक युवक अवैध हथियार की सप्लाई करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुलाम रवानी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए जाहिद हुसैन उर्फ विक्की को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसके खुलासे के आधार पर हथियार खरीदने वाले रेहान हुसैन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों ने स्वीकार किया कि वे अपराधियों तक अवैध हथियार पहुंचाने और उनकी खरीद-बिक्री के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। आरोपियों की निशानदेही पर गरीब नवाज कॉलोनी स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे छापेमारी की गई, जहां से एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में यह भी सामने आया कि एक हथियार की डील 50 से 60 हजार रुपये तक में होती थी और इसकी सप्लाई आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को की जाती थी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से उनके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। आवश्यक पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि अवैध हथियार कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए जांच लगातार जारी है।
जुगसलाई में अवैध हथियार तस्करी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जुगसलाई पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और सप्लाई करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।