परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्कूल कैंपस से एक नाबालिग किशोरी का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति देखकर स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि किशोरी के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी सबसे पहले स्कूल परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका सुलेखा शांडिल्य को हुई। सुबह जब वह केंद्र पहुंचीं, तो उन्होंने किशोरी को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत पंचायत प्रतिनिधियों और परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।
घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल परिसर में जुट गए और किशोरी की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन अब तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज लापता किशोरियों की सूची खंगाल रही है ताकि मृतका की पहचान हो सके। वहीं, विद्यालय जैसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में इस तरह की जघन्य वारदात ने पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, हालांकि अधिकारियों ने अभी इस मामले पर खुलकर कुछ भी कहने से इनकार किया है। अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे मौत की असली वजह और घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सकती है।