जमशेदपुर

कपाली फॉरेस्ट में मिली जली हुई लाश: चप्पल बेचकर परिवार पालने वाले मुस्तकीम की रहस्यमयी मौत से सनसनी

· · 1 मिनट पढ़ें · 👁 3
कपाली फॉरेस्ट में मिली जली हुई लाश: चप्पल बेचकर परिवार पालने वाले मुस्तकीम की रहस्यमयी मौत से सनसनी

सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र से सामने आई एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।

सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र से सामने आई एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। गौसनगर सालबागान वार्ड नंबर 11 निवासी मोहम्मद मुस्तकीम, जो साइकिल से घूम-घूमकर चप्पल बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे, उनका जला हुआ शव मंगलवार को कपाली फॉरेस्ट एरिया से बरामद किया गया। 24 मई की सुबह मुस्तकीम रोज की तरह अपने काम के लिए घर से निकले थे। शाम करीब 7 बजे उन्होंने अपने भाई मोहम्मद हाशिम को आखिरी बार फोन कर बताया कि वह नाव से स्वर्णरेखा नदी पार कर कपाली पुड़ीसिल्ली पहुंच गए हैं। इसके बाद अचानक उनका मोबाइल बंद हो गया और परिवार की चिंता बढ़ने लगी। पूरी रात परिजन, रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग उन्हें हर जगह तलाशते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, CCTV फुटेज खंगाले गए और मोबाइल लोकेशन अंसार नगर डेमडुबी में मिली, मगर इसके बावजूद मुस्तकीम का कोई पता नहीं चला। फिर मंगलवार को कपाली फॉरेस्ट एरिया से जो खबर आई, उसने सबको झकझोर दिया। वहां एक जला हुआ शव मिला, जिसके पास जली हुई चप्पलें भी पड़ी थीं। शव की पहचान अंगूठी और मोबाइल फोन के जरिए मोहम्मद मुस्तकीम के रूप में की गई। हालांकि मामले में नया मोड़ तब आया जब शव के पास से किसी अन्य व्यक्ति का आधार कार्ड मिलने की बात सामने आई। परिवार का कहना है कि कद-काठी, अंगूठी और मोबाइल पूरी तरह मुस्तकीम के ही हैं, लेकिन अब असली सच जांच के बाद ही सामने आएगा। मुस्तकीम के परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की है। साथ ही उन्होंने पुलिस पर शुरुआती कार्रवाई में लापरवाही का आरोप भी लगाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस फॉरेस्ट एरिया से शव मिला, वहां अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है और पुलिस को ऐसे इलाकों में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।