जमशेदपुर

जमशेदपुर में ‘प्रेस’ के नाम पर फर्जीवाड़ा! प्रेस क्लब ने उपायुक्त से की सख्त कार्रवाई की मांग

· · 1 मिनट पढ़ें · 👁 1
जमशेदपुर में ‘प्रेस’ के नाम पर फर्जीवाड़ा! प्रेस क्लब ने उपायुक्त से की सख्त कार्रवाई की मांग

जमशेदपुर में पत्रकारिता की साख को बचाने और ‘प्रेस’ के नाम पर चल रहे फर्जीवाड़े पर लगाम लगाने को लेकर प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर ने बड़ा कदम उठाया है।

जमशेदपुर में पत्रकारिता की साख को बचाने और ‘प्रेस’ के नाम पर चल रहे फर्जीवाड़े पर लगाम लगाने को लेकर प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर ने बड़ा कदम उठाया है। प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर जिले में ‘PRESS’ लिखे फर्जी वाहनों और पत्रकारिता की आड़ में सक्रिय अवांछित तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि हाल के दिनों में बड़ी संख्या में ऐसे वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिनका पत्रकारिता से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन वे ‘प्रेस’ का बोर्ड लगाकर धौंस जमाने, भयादोहन करने और वैध-अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने में लगे हैं। प्रेस क्लब ने कहा कि इन फर्जी पत्रकारों की वजह से न सिर्फ पत्रकारिता की गरिमा धूमिल हो रही है, बल्कि आम लोगों का शोषण भी बढ़ रहा है और वास्तविक पत्रकारों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने कार्यशील पत्रकारों की सूची मांगी और स्पष्ट किया कि सूची के आधार पर अवैध रूप से ‘प्रेस’ लिखे वाहनों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रेस के नाम पर भयादोहन करने वाले लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उपायुक्त ने तत्काल जिला परिवहन पदाधिकारी को ऐसे वाहनों की जांच का निर्देश भी दिया। इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष मनोज सिंह, महासचिव विनय पूर्ति, कोषाध्यक्ष अजय कुमार महतो समेत कई वरिष्ठ पत्रकार और सदस्य मौजूद रहे।