कपाली के कमारगोड़ा चौक पर, शुक्रवार को चल रही विशेष वाहन जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध सफेद कार (JH05BT-0573) तेज रफ्तार में आती दिखी। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक ने आदेश को नजरअंदाज करते हुए गाड़ी और तेज कर दी और मौके से फरार होने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया, जो कुछ दूरी तक जारी रहा। आखिरकार डेमडुब्बी इलाके में चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा चौंकाने वाला था—चार गायों को बेहद बेरहमी से ठूंसकर रखा गया था, जिनकी हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने तुरंत सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालकर गौशाला भेज दिया। फिलहाल वाहन को जब्त कर लिया गया है और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक व चालक की पहचान की जा रही है। कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के मुताबिक यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और उनका गंतव्य क्या था। गौरतलब है कि जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में मवेशी तस्करी के ऐसे मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, जिन पर पुलिस लगातार कार्रवाई करती रही है।
तेज रफ्तार कार में ठूंसकर ले जाई जा रहीं चार गायें बरामद, चालक फरार
कपाली के कमारगोड़ा चौक पर, शुक्रवार को चल रही विशेष वाहन जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध सफेद कार की छापेमारी कर 4 गाय को सुरक्षित निकाला