खदबद गिरफ्तार! गरीब नवाज कॉलोनी फायरिंग कांड का मुख्य आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा
जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गरीब नवाज कॉलोनी में गोलियां चलाने वाले मुख्य आरोपी शेख अफरीदी उर्फ खदबद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इस पूरे मामले की जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सिटी एसपी ललित मीणा ने दी। उन्होंने बताया कि 26 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:12 बजे गरीब नवाज कॉलोनी में फायरिंग की घटना हुई थी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।
घटना के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर डीएसपी तौकीर आलम के नेतृत्व में 10 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए काबुली नाला के पास छापेमारी कर 19 वर्षीय आरोपी खदबद को धर दबोचा।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद किया गया, वहीं उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से दो चले हुए कारतूस के खोखे भी जब्त किए गए।
सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहा है और उसका संबंध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह से होने की आशंका है। फिलहाल जुगसलाई थाना कांड संख्या 33/2026 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।