जमशेदपुर

तेज़ रफ़्तार का कहर, जमशेदपुर के वकील को 50ft तक घसीटकर मौत

· · 1 मिनट पढ़ें · 👁 3
तेज़ रफ़्तार का कहर, जमशेदपुर के वकील को 50ft तक घसीटकर मौत

जमशेदपुर के उलीडीह थाना इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने सबको झकझोर दिया। डिमना रोड पर तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़े झारखंड हाई कोर्ट के वकील शशि भूषण को जोरदार टक्कर मार दी।



जमशेदपुर के उलीडीह थाना इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने सबको झकझोर दिया। डिमना रोड पर तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़े झारखंड हाई कोर्ट के वकील शशि भूषण को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार उन्हें करीब 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


38 वर्षीय शशि भूषण डिमना रोड के सुभाष कॉलोनी के रहने वाले थे। परिवार के मुताबिक, वे उसी सुबह दिल्ली से लौटे थे और थोड़ी देर बाद किसी काम से घर से बाहर निकले थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि कुछ ही पलों में ये सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। हादसा माउंट व्यू स्कूल के पास हुआ।


घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने भाग रहे कार चालक को पकड़ लिया और गुस्से में उसकी पिटाई कर दी, लेकिन अफरा-तफरी का फायदा उठाकर वह वहां से फरार हो गया।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शशि भूषण को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी को जल्द पकड़ा जा सके।


इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है।