जमशेदपुर

टाटानगर रेल यार्ड में तेंदुए की दस्तक, रेलवे परिसर में मचा हड़कंप

· · 1 मिनट पढ़ें · 👁 0
टाटानगर रेल यार्ड में तेंदुए की दस्तक, रेलवे परिसर में मचा हड़कंप

मंगलवार की रात टाटानगर रेल यार्ड में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे ट्रैक के पास एक तेंदुआ घूमता हुआ दिखाई दिया।

मंगलवार की रात टाटानगर रेल यार्ड में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे ट्रैक के पास एक तेंदुआ घूमता हुआ दिखाई दिया। रात करीब 9:30 बजे ड्यूटी पर मौजूद एक रेलकर्मी और आरपीएफ जवानों ने सबसे पहले तेंदुए को देखा। बताया जा रहा है कि एक रेलकर्मी ने इंजन से ही तेंदुए को ट्रैक के आसपास टहलते देखा और तुरंत अपने मोबाइल में उसका वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। कुछ देर तक तेंदुआ रेल यार्ड के विभिन्न हिस्सों में घूमता रहा, जिसके बाद वह लंबे घास वाले इलाके की ओर चला गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और वन विभाग में हड़कंप मच गया और देर रात ही सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। डीएफओ सबा आलम अंसारी के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में ट्रैप कैमरे लगाकर तेंदुए की लोकेशन तलाशनी शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्रों में माइकिंग कर लोगों को सतर्क रहने की अपील भी की गई है। वहीं रेलवे के एरिया मैनेजर ने आशंका जताई कि तेंदुआ संभवतः किसी मालगाड़ी के साथ यहां तक पहुंच गया होगा। फिलहाल वन विभाग और रेलवे प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, जबकि रेल यार्ड और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।