खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव का असर अब भारत के कई हिस्सों में दिखाई देने लगा है और झारखंड का कोल्हान क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं रहा। जमशेदपुर समेत आसपास के इलाकों में पेट्रोल और डीजल की किल्लत ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार सुबह से ही शहर के कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कहीं पेट्रोल खत्म हो गया तो कहीं केवल डीजल उपलब्ध रहा, जबकि कई पंपों ने अस्थायी रूप से बिक्री बंद कर दी। अचानक ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने से लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों की ओर उमड़ पड़े, जिसके कारण कई जगह घंटों इंतजार की स्थिति बन गई। हालात संभालने के लिए पंप कर्मचारियों के साथ स्थानीय प्रशासन को भी मोर्चा संभालना पड़ा।
इस संकट का असर अब व्यापार और परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ने लगा है। ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों का कहना है कि अगर जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो माल ढुलाई, सार्वजनिक सेवाओं और रोजमर्रा के कामकाज पर बड़ा असर पड़ सकता है। वहीं आम लोगों में भी यह डर बना हुआ है कि आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। हालांकि तेल कंपनियों ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति को जल्द सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि घबराहट में जरूरत से ज्यादा ईंधन की खरीदारी न करें, ताकि सप्लाई व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।