जमशेदपुर

जमशेदपुर मे जल संकट बेकाबू, पानी के लिए सडक पर उतरे लोग

· · 1 मिनट पढ़ें · 👁 1
जमशेदपुर मे जल संकट बेकाबू, पानी के लिए सडक पर उतरे लोग

झारखंड के जमशेदपुर में इन दिनों पानी की कमी ने हालात को बेहद गंभीर बना दिया है। भीषण गर्मी के बीच जहां तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच चुका है, वहीं सूखते जलस्रोतों ने शहर को जल संकट की चपेट में ला दिया है

झारखंड के जमशेदपुर में इन दिनों पानी की कमी ने हालात को बेहद गंभीर बना दिया है। भीषण गर्मी के बीच जहां तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच चुका है, वहीं सूखते जलस्रोतों ने शहर को जल संकट की चपेट में ला दिया है। खासकर गैर-कंपनी इलाकों में स्थिति बदतर है, जहां लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं और टैंकर ही एकमात्र सहारा बन गए हैं।


छोटा गोविंदपुर के दयाल सिटी में हालात इतने तनावपूर्ण हो गए हैं कि पानी को लेकर लोगों का गुस्सा हिंसा में बदल गया। जलापूर्ति ठप होने से नाराज लोगों ने मेंटेनेंस कर्मियों तक पर हमला कर दिया। वहीं बागबेड़ा और आदित्यपुर की गलियों में हर सुबह पानी के लिए जद्दोजहद शुरू हो जाती है। नहाना और कपड़े धोना जैसे सामान्य काम अब विलासिता बन चुके हैं।


शहर में जलस्तर 600 फीट से भी नीचे चला गया है, जिससे बोरिंग पूरी तरह फेल हो चुके हैं। प्रशासन टैंकरों से पानी सप्लाई का दावा कर रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। महिलाएं घंटों लाइन में खड़ी रहने को मजबूर हैं, और कई बार आधी रात को भी टैंकर आने पर नींद छोड़कर पानी भरना पड़ रहा है।


यह जल संकट अब सिर्फ परेशानी नहीं, बल्कि एक गंभीर मानवीय संकट बनता जा रहा है। अगर जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं।