पोटका थाना क्षेत्र के हाता-जादूगोड़ा मुख्य मार्ग स्थित जुड़ी रेलवे क्रॉसिंग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित किया कार ने पहले एक पैसेंजर टाटा मैजिक और फिर सामने से आ रही दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार खुद भी पलट गई।
इस भीषण दुर्घटना में कुल 11 लोग घायल हुए, जिनमें से दो लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हो गई। वहीं, दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम से ओडिशा के रायरंगपुर की ओर तेज गति से जा रही किया कार (WB 02 AS 4786) जब रेलवे क्रॉसिंग पर बने स्पीड ब्रेकर से उछली, तो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार ने आगे चल रही टाटा मैजिक (JH 05 AT 2592) को पीछे से टक्कर मार दी और फिर विपरीत दिशा से आ रही स्प्लेंडर बाइक (JH 05 BZ 9399) तथा टीवीएस मोपेड (JH 05 OK 0374) को भी अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में बिरेन भकत, निवासी कुनाबेड़ा, राजनगर थाना, की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं विपिन लोहार, निवासी कुमड़ुम, थाना गम्हरिया, ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घायलों में बिरेन भकत की पत्नी चंचला भकत की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। इसके अलावा ठाकराय हेंब्रम, रायसेन सरदार, रांगा सरदार, सालगे सोरेन और मुस्कान मंडल सहित अन्य लोग घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोपो और सब इंस्पेक्टर कुंदन वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग उठाई है।